संदिग्ध परिस्थितियों मे खेत में लगे पेड़ से लटका मिला युवक का शव,हत्या की आशंका
पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल का लिया जायजा,दिये निर्देश
रिपोर्ट-अज़मी रिज़वी-अजमत अली
बेलहरा बाराबंकी। संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव खेत में लगे पेड़ से बंधी रस्सी के सहारे लटका पाया गया।युवक के दोनो हाथों की नस कटी थी।साथ ही शरीर पर कई चोट के निशान भी थे।परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जताई है।हालांकि,पुलिस को दी तहरीर में किसी पर आरोप नही लगाया गया है।पुलिस और फरेंसिक टीम के एक्सपर्ट ने छानबीन के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।फरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए है।पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने भी घटना स्थल का जायजा लिया है।मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के उतरावां गांव निवासी 30 वर्षीय नीरज रावत पुत्र छंगा अपनी पत्नी प्रीति और बच्चों अनंया (6) व पियूष (4) के साथ रहता था।एक सप्ताह पहले वह अपने कई साथियों के साथ मां वैष्णों देवी के दर्शन करने गया था।दर्शन करने बाद मंगलवार सुबह घर लौटा था।इसके बाद खेत में लगी मेंथा की सिचाई करने चला गया।देर रात तक खेत से घर न लौटने पर परिवारीजनों ने तलाश शुरू की।लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।बुधवार सुबह तलाश के दौरान गांव के प्राइमरी स्कूल के पीछे स्थित रामसागर के मक्के के खेत में नीरज की चप्पल,पर्स,ईंट व खून फैला था।साथ ही इस स्थान से सात सौ मीटर दूर उदयभान के खेत में लगे नीम के पेंड़ से बंधी रस्सी के सहारे उसका शव भी लटकता मिला।उसके दोनो हांथ की नस कटी थी। इसके अलावा शरीर पर कई चोट के निशान थे।शव की स्थिति देख घरवालों ने हत्या कर शव फंदे से लटकाए जाने की आशंका जताई।घटना की जानकारी के बाद पुलिस और फरेंसिक टीम के एक्सपर्ट ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू की।फिलहाल पुलिस हत्या की असल वजह जानने के लिए गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है।घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने सीओ बीनू सिंह के साथ मौके पर पहुंच कर जायजा लिया और कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि स्पष्ट तौर पर हत्या कर शव पेड़ से लटकाया गया है।घटना स्थल से कई अहम साक्ष्य मिले है। इससे पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है।घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
