रामनगर बाराबंकी। विधुत आपूर्ति के लिये दौड़ रहे हाईटेंशन लाइन से सीमेंट,मौरंग मिक्स करने वाली मिक्सर मशीन के छू जाने के कारण विधुत की चपेट मे आ जाने से एक मजदूर की मौत हो गयी।वही दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।जिन्हे इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया।वहा पर एक व्यक्ति की हालत नाजुक होने के चलते उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।मालूम है कि थाना रामनगर के अन्तर्गत ग्राम बिठौरा के निवासी आशीष सिंह की मिक्सर मशीन मंगलवार को ग्राम सीहामऊ मे मनोज धीमान के निर्माणाधीन मकान मे छत डालने के लिये गयी थी।छत डालने के बाद मजदूर जब मिक्सर मशीन मे लगे चैनल को निकलने लगे तब ऊपर से निकली हाई टेंशन विद्युत लाइन के तार उससे छू गये।जिससे लगे करंट से 40 वर्षीय मजदूर लच्छीराम पुत्र आशाराम,24 वर्षीय जितेंद्र पुत्र ब्रजेश निवासी बिठौरा व मिस्त्री विश्वनाथ पुत्र राम सजीवन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गये।आनन फानन मे घायलो को इलाज हेतु सीएचसी रामनगर ले जाया गया।जहाँ पर डॉक्टरों ने लच्छीराम को मृत घोषित कर दिया।गंभीर रूप से घायल जितेंद्र का प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।तीसरे घायल विश्वनाथ मिस्त्री का इलाज प्राइवेट हॉस्पिटल मे चल रहा है।घटना की सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नेश पांडेय ने जांच एंव आवश्यक लिखापढी कर मृतक के शव को पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मृतक के परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक परिवार में अकेला कमाने वाला था।