जैदपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 15 हजार रुपए के इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार
बदमाश वसीम के पैर में गोली,दो दर्जन से अधिक मुकदमे है दर्ज
जैदपुर बाराबंकी। जैदपुर पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद 15 हजार रुपए के इनामी बदमाश मोहम्मद वसीम को गिरफ्तार किया है। मंगलवार देर रात 1 बजे मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी,जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मोहम्मद वसीम पर दो दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अभियुक्त पर अवैध हथियार,पशु क्रूरता व एनडीपीएस एक्ट के तहत बाराबंकी के कोठी थाना,रामसनेहीघाट,जैदपुर व बहराइच जिले में भी मुकदमा दर्ज है।जानकारी के अनुसार वांछित आरोपी पर कुल 28 मुकदमे दर्ज है।
यह घटना बीती रात थाना जैदपुर क्षेत्र में हुई। पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए गश्त कर रही थी।इसी दौरान पुलिस को भनौली नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध अपराधी की मौजूदगी की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध को रुकने का इशारा किया,लेकिन उसने खुद को घिरा देखकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घायल अवस्था में आरोपी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद वसीम पुत्र मुन्ना निवासी ग्राम जमलापुर थाना असन्द्रा जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। मोहम्मद वसीम थाना जैदपुर में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक बाराबंकी ने 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। उसके खिलाफ कुल दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

