जमीनी विवाद मे दो सगे भाइयो मे मारपीट,महिला की मौत, 10 लोग घायल
रिपोर्ट-अज़मी रिज़वी-अजमत अली
बेलहरा-बाराबंकी। जमीनी विवाद को लेकर दो सगे भाइयों में मारपीट हो गई जिसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले।मारपीट में दोनों पक्षों से महिला समेत दस लोग घायल हो गए। इसमें गंभीर रूप से घायल एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पीएम भेजकर छह लोगो को गिरफ्तार कर लिया है।मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बिहुरा निवासी मोल्हे गौतम के दो पुत्र है। बड़ा पुत्र मंशाराम व छोटा पुत्र राममूर्ति है। पिता मोल्हे के पास कुल तीन बीघे खेती योग्य जमीन है। मोल्हे ने दोनों बेटों को एक-एक बीघे जमीन दे रखी है। जबकि अपने हिस्से की शेष एक बीघा जमीन पर वह खुद खेती करते हैं। पिता के हिस्से की जमीन लेने के लिए बड़े पुत्र मंसाराम का आए दिन अपने पिता से विवाद होता था। शनिवार रात भी मंसाराम ने जमीन को लेकर पिता से विवाद के बाद मारपीट शुरू कर दी। यह देख बीच बचाव करने पहुंचे छोटे भाई राम मूर्ति के बेटे अंकित से मंसाराम ने निपट लेने की बात कह कर मारपीट करने लगा। इससे दोनों पक्ष के समर्थक लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान राममूर्ति की पत्नी लीलावती (48) के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गई। परिवरीजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सीएचसी फतेहपुर ले गए। वहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।अंकित पक्ष से मोलहे,अंजली,पूजा घायल हुए।जबकि मंसाराम पक्ष से राहुल,रामू,श्यामू,राजेश को चोटे आई हैं।घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मारपीट में दोनों पक्षों से घायल सभी लोगों को सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया है।गांव मे एहतियात के तौर पर पुलिस की तैनाती की गई है।थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पति राम मूर्ति की तहरीर पर मंसाराम,रामू,राहुल,श्यामू, कलावती व राकेश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर नामजद सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हत्या की धारा न लगने से नाराज परिजनों का सड़क जाम कर प्रदर्शन
हत्या की धारा न लगाकर गैर इरादतन हत्या की धारा में दर्ज किए गए मुकदमें से नाराज मृतका के परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद घर पहुचे शव को लेकर फतेहपुर-बेलहरा मार्ग जाम कर धरने पर बैठ गए।धरने की जानकारी पाकर एसओ अनिल सिंह मौके पर पहुचे और गैर इरादतन हत्या की धारा को हटाकर हत्या में बदलने के आश्वासन पर परिजन धरना खत्म कर शव का अंतिम कर दिया।एसओ अनिल सिंह ने बताया गैर इरादतन हत्या की धारा को हत्या में तब्दील कर दिया गया है।

