शिक्षक दिवस पर चाइल्ड फ्रेन्डली स्कूल के छात्र छात्राओं ने शिक्षकों का किया भव्य अभिनंदन
ईश्वर ने प्रकृति की सबसे सुंदर रचना बच्चे के रूप में की है एस राम
रिपोर्ट-अज़मी रिज़वी-अकरम खान
बाराबंकी। शिक्षक दिवस पर बनीकोडर ब्लॉक के ग्राम छन्दवल मे बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा निःशुल्क संचालित चाइल्ड फ्रेन्डली स्कूल के छात्र छात्राओं ने शिक्षकों का भव्य अभिनंदन किया और उन्हें अपने हांथो से बनाई ग्रीटिंग कार्ड, पेन, डायरी, टॉफी चॉकलेट आदि अपने पसंद की चीजें उपहार देकर गुरु के प्रति श्रद्धा अर्पित किया। शिक्षक दिवस समारोह के मुख्य अतिथि जवाहर नवोदय विद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवं पूर्व उपायुक्त एस राम ने शिक्षक व बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहाकि बच्चे रब की लकीर हैं, ईश्वर ने प्रकृति की सबसे सुंदर रचना बच्चे के रूप में की है, इन्हें उचित शिक्षा,मार्गदर्शन देकर एक नेक इंसान बनाने का काम शिक्षक करता है।वहीं विशिष्ट अतिथि स्काउट शिक्षक राम आसरे ने बच्चों व शिक्षकों को बधाई दी और कहा कि गुरु शिष्य की परंपरा ने भारतीय संस्कृति को अक्षुण्ण बनाये रखा है,इस गुरु शिष्य की परंपरा जितनी मजबूत होगी, हमारी संस्कृति उतनी ही अच्छी होगी। संस्था के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सभी गुरुओं, शिक्षक शिक्षिकाओं का माल्यापर्ण कर उपहार देकर उनका सम्मान किया और कहाकि शिक्षक छात्र के लिए आदर्श होता है, छात्रों का शिक्षक से जुड़ाव,शिक्षक के प्रति आदर, भाव, सम्मान ही छात्र को उच्च शिखर पर ले जाता है। इसलिए सभी छात्रों को अपने गुरुओं का आदर सम्मान करना चाहिए। कार्यक्रम में छात्र छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां भी दी।प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका वन्दना वर्मा ने किया।इस मौके पर शिक्षिका पूनम रत्नाकर,प्रिया मौर्या,अनिता व सरस्वती,जियालाल सहित सभी शिक्षक स्टाफ एवं डेढ़ सौ की संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रही।
