विकास नगर अग्निकांड पीड़ितों के लिए निःशुल्क मेडिकल कैम्प आयोजित,सैकड़ों लोगों को मिला उपचार
लखनऊ। बीते दिनों लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र में लगी भीषण आग ने 1000 से अधिक गरीब परिवारों के आशियाने और उनके सपनों को जलाकर राख कर दिया।इस दर्दनाक हादसे के बाद शहर की अनेक सामाजिक संस्थाओं और संवेदनशील नागरिकों ने जिस तरह पीड़ित परिवारों तक राहत और सहायता पहुंचाई,वह वास्तव में सराहनीय और मानवीय संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण है।इसी क्रम में बाराबंकी के रसूलपुर किंतूर स्थित काज़मी एजुकेशनल एंड हेल्थकेयर सोसाइटी तथा इमाम खुमैनी फाउडेशन जो शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान देती रही हैं, ने अपने मदद के हाथ विकास नगर के पीड़ितों तक बढ़ाए।
इस राहत अभियान में लखनऊ की प्रतिष्ठित संस्था अवध वेल्फेयर सोसाइटी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क मेडिकल कैम्प में सैकड़ों मरीजों को फ्री दवा,चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने प्रभावित परिवारों,विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं प्रदान कीं।

इस कैम्प मे रईस हैदर जलालपुर,मो उमर अमरोहा,मो कलीम आजमगढ़, कायम मेहदी बाराबंकी,राजकुमार बाराबंकी,औंन हैदर,तनव्वर हुसैन नजरगंज,मोहम्मद अशहूर, अकमल काज़मी का विशेष सहयोग रहा।

काज़मी एजुकेशनल एंड हेल्थकेयर सोसाइटी के डाक्टर रेहान काज़मी ने बताया कि “पवित्र क़ुरआन का संदेश है कि जिसने एक इंसान की जान बचाई, उसने पूरी इंसानियत को बचाया। यही संदेश हमें कर्बला से भी मिलता है कि हक़ का साथ दिया जाए और मज़लूमों की मदद की जाए।”उन्होंने कहा कि यह मेडिकल कैम्प इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के नाम पर आयोजित किया गया,ताकि पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाई जा सके और इंसानियत की सेवा के इस कार्य को आगे बढ़ाया जा सके।डॉ. काज़मी ने आगे बताया कि इस सेवा कार्य का सवाब ईरान में शहीद हुई 170 बच्चियों, अली खामनेई तथा अन्य शोहदा की रूहों को बख्शा गया।
समाजसेवी वरिष्ठ पत्रकार तथा प्रेस फाउंडेशन ट्रस्ट के अज़मी रिज़वी ने इस मौके पर भावुक होते हुए कहा विकासनगर की यह त्रासदी सिर्फ एक हादसा नही बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी की परीक्षा है।ऐसे वक्त मे मदद करना एहसान नही ,बल्कि इंसानियत का फर्ज है।जिस तरह संस्थाओ ने आगे आकर पीड़ितो को सहारा दिया है,वह काबिले तारीफ ही नही बल्कि पूरे समाज के लिए एक मिसाल है
उन्होने आगे कहाकि हमे जरूरत है कि हम ऐसे पीड़ित परिवारो के साथ लगातार खड़े रहे ताकि वे फिर से अपने जीवन को संवार सके।

स्थानीय लोगो ने इस मानवीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में उम्मीद और एकजुटता का संदेश देते हैं।इस अवसर पर डाक्टर शशीम मलिक रेडिक्स हॉस्पिटल लखनऊ, डाक्टर मोहम्मद रूमान भारत हास्पिटल बाराबंकी, डाक्टर उजमा जबी,डाक्टर बुशरा रिज़वी,अवध संस्थान से आरती शर्मा, समाजसेवी अज़मी रिज़वी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
