जैदपुर महोत्सव का भव्य आगाज़,एक महीने तक चलेगा रंगारंग कार्यक्रमों का सिलसिला
चेयरमैन प्रतिनिधि दाऊद अलीम ने फीता काटकर किया उद्घाटन
जैदपुर बाराबंकी। कस्बे के भानमऊ रोड स्थित बायपास रोड पर पहली बार आयोजित किए जा रहे “जैदपुर महोत्सव, प्रदर्शनी एवं मेले” का भव्य शुभारंभ बुधवार को चेयरमैन प्रतिनिधि दाऊद अलीम ने फीता काटकर किया।उद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में कस्बे और आसपास के क्षेत्रों से लोग मौजूद रहे।जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।महोत्सव के आयोजक मोहम्मद सल्लू ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन 18 मार्च से शुरू होकर पूरे एक महीने तक चलेगा।इस दौरान मेले में रोजाना विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमो का आयोजन किया जाएगा।खास बात यह है कि इस महोत्सव में क्राफ्ट बाजार, बच्चों और बड़ों के लिए आकर्षक झूले,चलती ट्रेन वाला झूला, और समुद्री जलपरी जैसे अनोखे कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।महोत्सव स्थल को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया है,जो दूर से ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।शाम होते ही मेले में रौनक बढ़ जाती है और परिवारों के साथ-साथ युवाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थानीय व्यापारियों के लिए भी यह महोत्सव रोजगार और व्यापार बढ़ाने का एक अच्छा अवसर बनकर सामने आया है।

इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि दाऊद अलीम ने कहा, “जैदपुर में इस तरह का भव्य महोत्सव पहली बार आयोजित हो रहा है, जो हमारे कस्बे के लिए गर्व की बात है।इस आयोजन से न सिर्फ लोगों को मनोरंजन का अवसर मिलेगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों और व्यापारियों को भी अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा। मैं आयोजकों को इस शानदार पहल के लिए बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि यह महोत्सव आने वाले वर्षों में एक परंपरा बनेगा।महोत्सव के उद्घाटन के मौके पर अलीम राईन, कलीम अंसारी,सभासद मोहम्मद कासिम,राम सिंह,अल्ताफ अंसारी, निजामुद्दीन शाह,मोहम्मद नसीम शाहरुख,मोहम्मद अकरम खान,मास्टर मोहम्मद अहमद,मोहम्मद आसिम,मोहम्मद शादाब खान,मोहम्मद फरजान खान सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

